हरदोई: भंडारे के नाम पर महिला से टप्पेबाजी , बेहोश कर कुंडल लेकर फरार हुए दो युवक
रिपोर्टर अजय राठौर
हरदोई। थाना पचदेवरा क्षेत्र के मैकपुर गांव में भंडारे के नाम पर टप्पेबाजी और आभूषण लूटने का मामला सामने आया है। पीड़िता माया देवी पत्नी बब्बीर ने थाना पचदेवरा में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
पीड़िता के अनुसार 26 जून 2026 को दोपहर करीब 3 बजे दो युवक पंडित का वेश धारण कर उनके दरवाजे पर पहुंचे और भंडारे के लिए दान मांगा। महिला ने 100 रुपये की पर्ची कटवाई। आरोप है कि इसके बाद युवकों ने उनके सिर के ऊपर धागा घुमाया, जिससे वह बेहोश हो गईं।
होश आने पर महिला को पता चला कि उनके कानों के कुंडल गायब हैं। आरोप है कि दोनों युवक कुंडल लेकर मोटरसाइकिल से फरार हो गए। पीड़िता ने बताया कि एक युवक का रंग सांवला तथा लंबाई लगभग 5 फीट 3 इंच थी, जबकि दूसरे का रंग गोरा, लंबाई लगभग 5 फीट 5 इंच और दाढ़ी थी। महिला एवं उनके पुत्र ने सामने आने पर आरोपियों को पहचान लेने की बात कही है।
घटना की जानकारी मिलने पर महिला के पुत्र मौके पर पहुंचे और पर्ची पर लिखे मोबाइल नंबर पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे।
पीड़िता की तहरीर पर थाना पचदेवरा में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 304 के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किए जाने की कार्रवाई की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
