हरदोई: एक ही नल की मरम्मत में तीन बार भुगतान, ग्राम पंचायत चांदपुर में भ्रष्टाचार का आरोप
हरदोई जिले के भरखनी ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत चांदपुर में भ्रष्टाचार का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि ग्राम प्रधान और पंचायत सचिव द्वारा एक ही कार्य के लिए तीन बार भुगतान निकाल लिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत में एक ही हैंडपंप (नल) की मरम्मत/रीबोर के नाम पर एक ही दिन में तीन बार भुगतान किया गया। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि एक ही नल को एक ही दिन में तीन बार रिपेयर या रीबोर करना संभव नहीं है, जिससे पूरे मामले पर सवाल खड़े हो गए हैं।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि पंचायत सचिव पहले भी ऐसे मामलों को लेकर चर्चा में रहे हैं और इस बार भी सरकारी धन के दुरुपयोग का मामला सामने आया है। ग्रामीणों का कहना है कि विकास कार्यों के नाम पर लगातार फर्जी भुगतान कर सरकारी धन की हेराफेरी की जा रही है।
इस मामले में ग्रामीणों ने प्रशासन से जांच की मांग की है। उनका कहना है कि यदि निष्पक्ष जांच कराई जाए तो बड़े स्तर पर अनियमितताएं सामने आ सकती हैं।
अब देखना यह होगा कि जिला प्रशासन इस मामले को कितनी गंभीरता से लेते हुए दोषियों पर क्या कार्रवाई करता है।
