हरदोई में मानसिक रूप से विक्षिप्त युवक से मारपीट, वीडियो वायरल; पुलिस पर लापरवाही के आरोप
हरदोई। जनपद के देहात कोतवाली क्षेत्र स्थित चरौली पुलिया के पास एक दुकानदार द्वारा मानसिक रूप से विक्षिप्त युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है।
बताया जा रहा है कि विवाद की शुरुआत युवक की टोपी और चश्मा छीनने को लेकर हुई। आरोप है कि दुकानदार ने न केवल युवक के साथ मारपीट की, बल्कि उसे जातिसूचक गालियां भी दीं। पीड़ित युवक की मानसिक स्थिति ठीक न होने के कारण वह अपना बचाव भी नहीं कर सका।
घटना के संबंध में पीड़ित पक्ष द्वारा तहरीर और वीडियो सबूत पुलिस को दिए जाने के बावजूद 10 दिन बीत जाने पर भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इसको लेकर पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों ने देहात कोतवाली में तैनात सिपाही अभिन्न पर भी मामले में संदिग्धता और लापरवाही के आरोप लगाए हैं।
क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई, तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। वहीं, इस मामले में पुलिस अधिकारियों की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
(रिपोर्ट: हरदोई)
