हरदासपुर में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, गृहस्थी जलकर राख

 हरदासपुर में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, गृहस्थी जलकर राख



पचदेवरा। क्षेत्र के हरदासपुर गांव में बीती रात 9:30 बजे शॉर्ट सर्किट की चिंगारी से लगी आग में रमाकांत का घर जलकर राख हो गया। घटना के समय रमाकांत अपने परिवार के साथ अपने बहनोई के घर पाली गया हुआ था।
बताया गया कि घर में अचानक शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग की लपटें उठती देख पड़ोसी प्रदीप ने रमाकांत को फोन कर घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही रमाकांत मौके पर पहुंचे, तब तक घर में रखा अनाज, कपड़े, बिस्तर, फर्नीचर और अन्य घरेलू सामान जलकर राख हो चुका था।
ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया और सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड भी मौके पर पहुंच गई। फायर ब्रिगेड और ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग की तेज गर्मी से मकान का लिंटर भी चटक गया, जिससे घर को भारी क्षति पहुंची है।
इस हादसे में करीब 2.25 लाख रुपये का नुकसान बताया जा रहा है। क्षेत्रीय लेखपाल अखिलेश मिश्रा ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन किया और रिपोर्ट तैयार कर प्रशासन को भेजने की बात कही। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को शीघ्र आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है।





Post a Comment

Previous Post Next Post

Also Read